Jamshedpur News :
खड़गपुर से टाटानगर आ रही ट्रेन में गुरुवार देर रात चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया. इस घटना में संदीप नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हमलावर दो युवक चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गये. घटना उस समय हुई, जब ट्रेन टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो के पास प्रवेश कर रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर संदीप की दो युवकों से बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गयी. आरोप है कि दोनों युवकों ने संदीप पर चाकू से हमला किया और मौके से भाग निकले. घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल युवक धनबाद का निवासी बताया गया है, जबकि उसके पिता छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक सरकारी कार्यालय में कार्यरत हैं. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है.रेल थाना प्रभारी ने बताया कि मामला छिनतई या फिर किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है. घायल की स्थिति के कारण बयान नहीं लिया जा सका है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
