जमशेदपुर : जिले में एचआइवी, एड्स और यौन संचारित संक्रमण (एसटीआइ) की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की योजना बना रहा है. झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति (साक्स), रांची के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से ‘सघन जागरुकता अभियान-2026’ की रूपरेखा तय करते हुए सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में अभियान की औपचारिक शुरुआत की गयी.
एचआइवी संक्रमण से बचाव का सबसे कारगर हथियार है जांच
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने कहा - एचआइवी संक्रमण से बचाव का सबसे कारगर हथियार जागरूकता, समय पर जांच और इलाज की सुलभता है. समाज में एचआइवी-एड्स को लेकर अब भी कई भ्रांतियां और झिझक मौजूद हैं. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरों और युवाओं तक सही वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना और संक्रमितों के प्रति सामाजिक भेदभाव को पूरी तरह खत्म करना है. उन्होंने शिक्षा विभाग सहित सभी सहयोगी संस्थाओं को एकजुट होकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचने का आह्वान किया. वहीं कार्यक्रम में उपस्थित अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (एसीएमओ) डॉ अजय कुमार सिन्हा ने कहा - सुरक्षित व्यवहार और समय पर जांच बेहद जरूरी है. इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच विशेष संवाद सत्र आयोजित किये जायेंगे.
जिले के 210 चिह्नित गांवों में सघन गतिविधियां होंगी
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी डॉ जोगेश्वर प्रसाद ने राज्य स्तर से मिले दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 210 चिह्नित गांवों में सघन गतिविधियां होंगी. जिसके तहत गांव में नुक्कड़ नाटक, फ्लैश मॉब, समुदाय स्तर पर बैठकें और घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जायेगा. इसके साथ ही आइसीटीसी और एसटीआइ केंद्रों पर उपलब्ध मुफ्त जांच व उपचार की जानकारी दिया जायेगा. जमीनी स्तर पर गतिविधियों का नियमित मूल्यांकन करना, ताकि कोई भी वर्ग छूटे नहीं इसको ध्यान में रखते हुए लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. इस अभियान में टीबी विभाग, आइसीटीसी, एसटीआइ, प्लान इंडिया और संपूर्ण सुरक्षा केंद्र के अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया. इस अवसर पर दिशा टीम के दुर्योधन साहू, काउंसलर डॉ. रामचंद्र सिंह, श्वेता, अनिता कुमारी, ब्रेंडथ सोरेन, आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के पंकज शर्मा, जितेंद्र चौधरी, राहुल कुमार, ताराशंकर, कर्मी मुर्मू, श्रीकांत बाउरी, पूर्णिमा पात्रो, चित्रा पॉल, प्रियव्रत महापात्रा व कंचन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
