Jamshedpur News :
मानगो नगर निगम क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शुक्रवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मानगो नगर निगम चुनाव के दौरान आरक्षण व्यवस्था के तहत चुनाव लड़ने वाले पात्र अभ्यर्थियों को समय पर जाति प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे हैं. इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गयी. ज्ञापन में मानगो क्षेत्र के छह स्थानों पर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या उठायी गयी तथा न्यू पुरुलिया रोड और ओल्ड पुरुलिया रोड में नियमित यातायात जांच कराने की मांग की गयी. इसके अलावा जन्म प्रमाणपत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी लाने और मानगो क्षेत्र में आधार सेवा केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग भी शामिल थी. उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक और सकारात्मक दिशा-निर्देश दिये जाएंगे.इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, पूर्वी सिंहभूम जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीरज सिंह, दीपक गौड़, अमृता मिश्रा, राजेश प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
