Jamshedpur News : जसकनडीह ग्रामसभा ने रैयत को जमीन पर बोर्ड गाड़कर दिलाया कब्जा

पीड़ित नंदो भूमिज ने पिछले दिनों ग्रामसभा को लिखित आवेदन देकर अपनी पुश्तैनी जमीन के विवाद में हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की गुहार लगायी थी.

पीड़ित नंदो भूमिज ने ग्रामसभा को आवेदन देकर पुश्तैनी जमीन बचाने की गुहार लगायी थी

Jamshedpur News :

परसुडीह अंतर्गत जसकनडीह मौजा में बुलनगोड़ा ग्रामसभा ने रविवार को विवादित भूमि पर एक सूचना पट्ट (बोर्ड) गाड़कर रैयतदार नंदो भूमिज को हक दिलाया. दरअसल, पीड़ित नंदो भूमिज ने पिछले दिनों ग्रामसभा को लिखित आवेदन देकर अपनी पुश्तैनी जमीन के विवाद में हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की गुहार लगायी थी. पेसा कानून के तहत शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ग्रामसभा ने नंदो भूमिज द्वारा प्रस्तुत सभी भूमि संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच-पड़ताल की. दस्तावेजी साक्ष्यों और भूमि सर्वे सेटलमेंट के आधार पर ग्रामसभा ने पाया कि उक्त जमीन का मूल खतियान आज भी नंदो भूमिज के नाम पर ही दर्ज है.

हालांकि, वर्ष 1964 के सर्वे सेटलमेंट के दौरान एक गैर-आदिवासी व्यक्ति ने अवैध तरीके से इस जमीन को अपने नाम करा लिया था, जबकि नंदो भूमिज ने कभी अपनी इस भूमि का हस्तांतरण या बिक्री नहीं की थी. ग्रामसभा ने इस गंभीर भू-विवाद से जुड़े सभी अंतिम फैसलों को फिलहाल अपने अधीन सुरक्षित रख लिया है और इस हेराफेरी के खिलाफ अंचल कार्यालय के स्तर पर आगे की वैधानिक कागजी कार्रवाई की जा रही है. किसी भी तरह के संभावित टकराव को टालने और कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए ग्रामसभा ने वर्तमान में उक्त विवादित जमीन पर किसी भी प्रकार के नये निर्माण कार्य पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. सूचना पट्ट गाड़ने के दौरान हातु मुंडा, जगन्नाथ देवगम, जमीन मालिक नंदलाल भूमिज, मोना देवगम, सुनीता कुंकल, खुदीराम हांसदा समेत काफी संख्या में गांव के महिला-पुरूष मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh singh

राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >