जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी प्रशासन ने प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव किया है. जारी आधिकारिक अधिसूचना के तहत अर्थशास्त्र विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. किश्वर आरा को डीन, वोकेशनल स्टडीज की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गयी है. यह नई जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से लागू होगी और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी. इसके साथ ही डॉ. किश्वर आरा को डीन, फैकल्टी ऑफ साइंस का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. यह व्यवस्था डॉ. जावेद अहमद के मेडिकल लीव से वापस लौटकर अपना कार्यभार संभालने तक जारी रहेगी.
15 सितंबर को जारी की गई औपचारिक अधिसूचना
इस संबंध में विश्वविद्यालय के प्रभारी रजिस्ट्रार की ओर से 15 सितंबर को औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गयी है. दूसरी ओर, विश्वविद्यालय के केमिस्ट्री विभाग की सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. अनामिका को गणित विभाग के विभागाध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. प्रभारी रजिस्ट्रार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक डॉ. अनामिका को यह नई जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से सौंपी गयी है. वह भी डॉ. जावेद अहमद के चिकित्सा अवकाश से लौटने और पदभार ग्रहण करने तक गणित विभाग के एचओडी के रूप में अपनी सेवाएं देंगी.विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस फेरबदल की आधिकारिक सूचना सभी संबंधित अधिकारियों, संकायों और विभागों को भेज दी है ताकि पठन-पाठन और प्रशासनिक कार्यों में कोई बाधा न आये. इन नये दायित्वों से विश्वविद्यालय के वोकेशनल स्टडीज, साइंस फैकल्टी और गणित विभाग के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जतायी जा रही है.
