jamshedpur news : गोविंदपुर जलापूर्ति योजना की पाइपलाइन दुरुस्त, आज से 13 पंचायतों में बहाल होगी सप्लाई
पाइपलाइन से सप्लाई का ट्रायल रहा सफल
jamshedpur news :
परसुडीह, सरजामदा और हलुदबनी क्षेत्र की 13 पंचायतों के हजारों उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. पिछले कई दिनों से बाधित गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य गुरुवार देर रात पूरा कर लिया गया. शुक्रवार को विभाग द्वारा किये गये तकनीकी परीक्षण के सफल होने के बाद अब शनिवार सुबह से जलापूर्ति नियमित रूप से बहाल कर दी जायेगी. मालूम हो कि विगत दो फरवरी से राहरगोड़ा खटाल और वाशिंग सेंटर के समीप मुख्य पाइपलाइन में लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गयी थी. इस खराबी के कारण प्रतिदिन हजारों गैलन पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा था और हजारों घरों में पानी की किल्लत बनी हुई थी. योजना का संचालन कर रही एजेंसी जेमिनी इंटरप्राइजेज के संवेदक अरुण कुमार ने बताया कि दोनों चिह्नित स्थानों पर लीकेज काफी गहरा था, जिसे दुरुस्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. शुक्रवार को पाइपलाइन में हाई प्रेशर के साथ पानी छोड़कर जांच की गयी, जो पूरी तरह सफल रही. टेस्टिंग सफल होने के बाद मरम्मत के लिए खोदे गये गड्ढों को भर दिया गया है. शनिवार की सुबह से निर्धारित समय पर जलापूर्ति शुरू कर दी जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.