जमशेदपुर: जमशेदपुर कमिश्नरेट के कारोबारियों, करदाताओं और जीएसटी पेशेवरों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गयी है. सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की पहल पर जीएसटी विभाग ने जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र (सेंट्रल प्रोसेसिंग सेंटर सीपीसी) स्थापित करने का निर्णय लिया है. यह केंद्र आगामी एक अक्तूबर से काम करना शुरू कर देगा. अब तक जमशेदपुर कमिश्नरेट का सीपीसी कार्य पहले पटना और बाद में रांची से संचालित हो रहा था.
इस वजह से नए जीएसटी पंजीकरण और अन्य तकनीकी मामलों के निपटारे में व्यापारियों को भारी परेशानी और विलंब का सामना करना पड़ता था. स्थानीय स्तर पर सीपीसी शुरू होने से अब प्रक्रियाएं तेज, पारदशीं और सुलभ होंगी. सिंहभूम चेंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने इसे व्यापारिक समुदाय के लिए ऐतिहासिक कदम बताया. उन्होंने इस निर्णय के लिए बिहार-झारखंड जोन के मुख्य आयुक्त तथा जमशेदपुर सीजीएसटी एवं सीएक्स के आयुक्त आनंद कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया.
