Jamshedpur News : जीत महतो मौत मामला : एमजीएम थानेदार को बर्खास्त कर दर्ज हो हत्या का मुकदमा : अर्जुन मुंडा

Jamshedpur News : मानगो के गोकुलनगर बस्ती निवासी जीत महतो की मौत की जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अब राजनीतिक दल भी सक्रिय हो गये हैं.

24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन : भाजपा

पीड़ित परिवार से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने की मुलाकात, उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की

Jamshedpur News :

मानगो के गोकुलनगर बस्ती निवासी जीत महतो की मौत की जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अब राजनीतिक दल भी सक्रिय हो गये हैं. 30 दिसंबर को मोबाइल चोरी के संदेह में पुलिस द्वारा जीत महतो को घर से थाना ले जाया गया था. आरोप है कि हिरासत के दौरान उसके साथ गंभीर मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी. बाद में उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मौत के बाद पुलिस द्वारा आनन-फानन में यूडी केस दर्ज कर पोस्टमार्टम कराना, अंतिम संस्कार की जल्दबाजी और परिजनों को दो लाख की राशि सौंपे जाने से पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. घटना के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है.

शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा संग पार्टी का शिष्टमंडल गोकुलनगर पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. इस दौरान दिवंगत जीत महतो की मां, पत्नी एवं बड़ी संख्या में बस्तीवासी मौजूद रहे. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने परिजनों से बात की और घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली. परिजनों का आरोप है कि घर से ले जाने के बाद दो दिनों तक उन्हें जीत महतो से मिलने तक नहीं दिया गया. इस दौरान उसकी गर्भवती पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया, जो जन्म लेते ही अपने पिता का साया खो बैठी. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बतायी. उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में किसी भी व्यक्ति की मौत सीधे तौर पर शासन और पुलिस प्रशासन की विफलता है. अर्जुन मुंडा ने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच हो, एमजीएम थाना प्रभारी को अविलंब बर्खास्त किया जाये और उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाये. कहा कि राज्य में क्या गरीब होना अपराध बन गया है. पुलिस की बर्बरता पर पर्दा डालने के लिए पैसे का सहारा लिया जा रहा है. वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने जिला प्रशासन को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में थाना प्रभारी समेत सभी दोषी पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती है, तो भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी. इस दौरान भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, बिनोद सिंह, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, राजा सिंह, राजीव सिंह समेत कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >