टाटानगर से सलगाझुड़ी और आदित्यपुर रेलवे यार्ड तक थर्ड लाइन का सिग्नल और परिचालन प्रणाली को बनाया जा रहा आधुनिक
Jamshedpur News :
टाटानगर रेलवे स्टेशन से आदित्यपुर रेलवे यार्ड और सलगाझुड़ी केबिन तक बिछायी गयी थर्ड लाइन पर सितंबर माह तक मालगाड़ियों के परिचालन की संभावना तेज हो गयी है. रेलवे द्वारा इस लाइन को पूरी तरह अपग्रेड करने की दिशा में लगातार तकनीकी कार्य किये जा रहे हैं. इसके तहत विभिन्न स्थानों पर लाइन ब्लॉक लेकर सिग्नल और परिचालन प्रणाली को आधुनिक बनाया जा रहा है. रेलवे सूत्रों के अनुसार, टाटानगर से आदित्यपुर सेक्शन तक थर्ड लाइन को आरआरआइ पैनल से जोड़ने के लिए विशेष ब्लॉक लिया जायेगा. इस संबंध में चक्रधरपुर रेलमंडल ने दक्षिण पूर्व रेलवे जोन को प्रस्ताव भेज दिया है. मंजूरी मिलने के बाद रेलकर्मी नये आरआरआइ सिस्टम के जरिये सिग्नल, प्वाइंट और अन्य परिचालन उपकरणों को सक्रिय करेंगे.करीब एक वर्ष पूर्व तैयार हो चुकी इस थर्ड लाइन का लगातार वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है. रेलवे की कोशिश है कि तय समय सीमा के भीतर लाइन को पूरी तरह चालू कर मालगाड़ियों का संचालन शुरू किया जा सके. अधिकारियों का मानना है कि नयी लाइन शुरू होने से माल ढुलाई व्यवस्था अधिक सुगम और तेज होगी. थर्ड लाइन के चालू होने के बाद राउरकेला रेलवे स्टेशन और खड़गपुर मुख्य रेलखंड पर मालगाड़ियों का दबाव कम होगा. इससे यात्री ट्रेनों की आवाजाही भी बेहतर होने की उम्मीद जतायी जा रही है.
