राहत : चालकों को नहीं देना होगा कोई शुल्क, पुराने आरएसओ परिसर में सुबह नौ बजे से शुरू होगा पंजीकरण
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
टाटा मोटर्स के कन्वाइ चालकों के लिए राहत भरी खबर है. कंपनी की पहल पर अब सभी कन्वाइ चालकों का 15 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा पूरी तरह मुफ्त कराया जायेगा. इस संबंध में ऑल इंडिया कन्वाइ चालक वर्कर्स यूनियन की एक बैठक कमिंस यार्ड में हुई. इसमें चालकों को महामंत्री जय नारायण सिंह ने इस योजना की विस्तार से जानकारी दी. महामंत्री जय नारायण सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि टाटा मोटर्स द्वारा सामाजिक सुरक्षा की दिशा में यह बड़ा कदम उठाया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बीमा के लिए चालकों को अपनी जेब से एक पैसा भी खर्च नहीं करना होगा. यह पूरी तरह नि:शुल्क है.
