अब आपके ही पंचायत में बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस, जानें कैसे उठाये इस सुविधा का लाभ

पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए खुशखबरी. अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए ब्लॉक या शहर जाने की जरूरत नहीं. प्रशासन सीधे आपकी पंचायत में कैंप लगाएगा. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी.

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

अगर आप पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाके में रहते हैं और अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है. प्रखंड स्तर पर लग रहे कैंपों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए अब प्रशासन ने व्यवस्था को और सुलभ बनाते हुए सीधे ग्राम पंचायत स्तर पर भी विशेष कैंप लगाने का निर्णय लिया है ताकि लोगों को लंबी कतारों और असुविधा से मुक्ति मिल सके.

राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त राजीव रंजन के आदेश पर शुरुआत में ये कैंप केवल ब्लॉक (प्रखंड) स्तर पर ही लगाये जा रहे थे, लेकिन अब प्रशासन की टीम सीधे आपके गांव और पंचायत भवन तक पहुंचेगी. इससे गांव-देहात के युवाओं और ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी. अब आपको लाइसेंस बनवाने के लिए शहर, प्रखंड जाने या सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ेगी. जिला परिवहन अधिकारी दिलीप कुमार की देखरेख में चलाए जा रहे इस अभियान का दायरा अब और बड़ा कर दिया गया है.

अब सीधे आपकी पंचायत में पहुंचेगी टीम

ड्राइविंग लाइसेंस शिविरों को लेकर ग्रामीण इलाकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. कैंपों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. वर्तमान में प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में प्रतिदिन 200 से 250 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की क्षमता है, लेकिन मौके पर रोज 500 से अधिक आवेदक पहुंच रहे हैं. अत्यधिक भीड़ से बचने और लोगों को आसानी से सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायतों में संचालित किया जा रहा है.

गुड़ाबांदा शिविर: 341 आवेदनों में से 289 को मिला लाइसेंस

गुड़ाबांदा प्रखंड में जिला परिवहन अधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर आयोजित किया गया. शिविर में कुल 341 ग्रामीणों ने आवेदन जमा किया. ड्राइविंग टेस्ट व प्रक्रिया पूरी करने के बाद 289 आवेदकों को मौके पर ही लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया. शेष आवेदनों में दस्तावेज अपूर्ण होने या मानकों में कमी के कारण नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.

अधिकारियों ने बांटे लर्नर लाइसेंस

ड्राइविंग टेस्ट में सफल रहे अभ्यर्थियों को जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी डांगुर कोरह तथा मोटरयान निरीक्षक सूरज हेंब्रम ने संयुक्त रूप से लर्नर लाइसेंस सौंपा . अधिकारियों ने लाइसेंस वितरण के साथ-साथ उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >