पटमदा : पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण डिमना डैम एक बार फिर पानी से लबालब भर गया है. डिमना जलाशय का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब अधिकारियों व कर्मचारियों की नजर जलस्तर पर टिकी हुई है. डैम का पानी फिलहाल 529.8 फीट तक पहुंच गया है. 530 फीट का स्तर पार होते ही फाटक खोलने की स्थिति बन जायेगी.
डिमना डैम का जलस्तर रेड लेबल के करीब पहुंच चुका है. महज 0.2 फीट यानी करीब 2.4 इंच पानी बढ़ने पर जलस्तर 530 फीट तक पहुंच जायेगा. बारिश जारी रहने पर फाटक खोले जाने की संभावना है. डिमना वाटर मैनेजमेंट की ओर से डिमना नाला के आसपास सटे गांवों में माइकिंग कर लोगों को इसकी जानकारी दी गयी है.
Dimna Dam Water Level: पहाड़ी नालों के उफान से तेजी से बढ़ रहा जलस्तर
लगातार बारिश के कारण दलमा पहाड़ से निकलने वाले हलुदवनी, बोटा, भुइयांसिनान, लायलम, नूतनडीह और पुनसा नाला उफान पर हैं. इन नालों से डिमना जलाशय में पानी पहुंचने के कारण जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. डिमना वाटर मैनेजमेंट के अधिकारी और कर्मचारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं.
मछुआरों को फाटक खुलने का इंतजार
डिमना लेक के आसपास रहने वाले मिर्जाडीह, हलुदवनी, पुनसा, लायलम, कुटिमाकुली और डिमना बस्ती के मछुआरे फाटक खुलने का इंतजार कर रहे हैं. फाटक खुलने के बाद बड़ी मछलियां पकड़ने की उम्मीद में कई मछुआरे अधिकारियों के संपर्क में हैं. डिमना लेक में मिलने वाली रेहू और कतला जैसी मछलियों की मांग रहती है.
फाटक खुलने के बाद डिमना लेक का नजारा देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती है. जमशेदपुर, चांडिल, आदित्यपुर और घाटशिला समेत आसपास के इलाकों से लोग खुले फाटक और पकड़ी गयी बड़ी मछलियों को देखने पहुंचते हैं.
2025 में सात बार खोले गये थे फाटक
वर्ष 2025 में लगातार अच्छी बारिश के कारण डिमना डैम के फाटक सात बार खोले गये थे. वहीं, इस वर्ष अब तक डिमना लेक का फाटक नहीं खोला गया है. जलस्तर 530 फीट के करीब पहुंचने के बाद अब बारिश पर फाटक खोलने का फैसला निर्भर करेगा.
Also read: जमशेदपुर में आज फिर दिखें बारिश के आसार,जानें क्या है मौसम का हाल..
