वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
केरला समाजम मॉडल स्कूल में शनिवार को कक्षा छठी और सातवीं के विद्यार्थियों के लिए डेंगू जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. इस दौरान छात्रों को डेंगू के कारण, लक्षण, बचाव और नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक किया गया.
डेंगू से बचाव को लेकर छात्रों को किया जागरूक
सत्र का संचालन ''टाटा स्टील यूआइएसएल'' के स्वास्थ्य विशेषज्ञ आलोक सुमन शर्मा ने किया. उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है और इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना बेहद जरूरी है. उन्होंने डेंगू के प्रमुख लक्षणों, उपचार और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया कि जमा पानी को कैसे हटायें, मच्छररोधी दवाओं का सही उपयोग कैसे करें, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े क्यों पहनें और आसपास स्वच्छता किस तरह बनाए रखें. छात्रों ने इस सत्र में डेंगू से बचाव के तरीके सीखे. यह कार्यक्रम स्कूल की एकेडमिक डायरेक्टर नंदिनी शुक्ला, प्रिंसिपल रीना बनर्जी, सुजाता सिंह, वाइस प्रिंसिपल एएल अब्राहम तथा रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया. इसके आयोजन में स्कूल प्रबंधन, मॉडरेटर्स और ''हेल्थ एंड हाइजीन क्लब'' के सदस्यों का विशेष योगदान रहा.
