चाकुलिया से राकेश सिंह की रिपोर्ट
Jharkhand Train Fire Incident, पूर्वी सिंहभूम: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया. यहां स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार पर खड़ी एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक आग लग गई. जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी की सभी बोगियों में कोयला लदा हुआ था और वह ट्रैक पर खड़ी थी. इसी दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने मालगाड़ी की एक बोगी से अचानक भारी मात्रा में धुआं और आग की लपटें उठती हुई देखीं. यात्रियों ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना तुरंत चाकुलिया स्टेशन प्रबंधक को दी. स्टेशन प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति को कटवाया और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया.
दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा से दमकल की टीम अग्निशामक वाहनों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. स्टेशन पर मालगाड़ी के ऊपर हाई-वोल्टेज ओवरहेड तार होने के कारण शुरुआत में आग बुझाने में सावधानी बरतनी पड़ी. दमकल कर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए तुरंत बोगी पर पानी की बौछारें शुरू कर दीं. कड़ी मशक्कत के बाद कोयले में सुलग रही आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आग दूसरी बोगियों में नहीं फैली.
टला बड़ा रेल हादसा
रेलवे के अनुसार, समय रहते आग का पता चलने और दमकल की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी या घर्षण के कारण कोयले में आंतरिक रूप से सुलगने की वजह से यह आग लगी होगी. रेलवे प्रशासन मामले की जांच कर रहा है.
Also Read: झारखंड में बुजुर्गों और पेंशनरों के लिए बनेगा ‘स्पेशल सेल’, जल्द जारी होगा विशेष हेल्पलाइन नंबर
