आपस में लड़ रहे थे युवक, बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों से उलझे
बाउंड्री के अंदर से ग्रामीणों पर पथराव करने का आरोप
Jamshedpur News :
एमजीएम थाना अंतर्गत छोटा बांकी डैम के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब निजी जमीन की चहारदीवारी के भीतर पिकनिक मना रहे बिरसानगर के 10 से 12 युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. नशे की हालत में युवक पहले आपस में भिड़े और बाद में मारपीट के दौरान ग्रामीणों से भी उलझ गये, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने चहारदीवारी के अंदर से ग्रामीणों पर पथराव भी किया. इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये और एकजुट होकर सभी युवकों को घेर लिया. करीब एक घंटे तक युवकों को चहारदीवारी के अंदर ही बंधक बनाकर रखा गया. सूचना मिलने पर एमजीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों ने सभी युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया. घटना दोपहर तीन से चार बजे के बीच की बतायी जा रही है. ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद युवकों ने माफी भी मांगी, लेकिन लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ. छोटा बांकी के मुखिया जगदीश सिंह ने बताया कि सर्वे पेयजी द्वारा खरीदी गयी जमीन पर चहारदीवारी की गयी है, जहां युवक पिकनिक मना रहे थे. नशे में मारपीट करते हुए वे गेट से बाहर निकल आये और बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों से उलझ गये.इस मामले में छोटा बांकी ग्राम विकास डैम समिति ने एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दी है. पुलिस पकड़े गये युवकों से पूछताछ कर रही है. वहीं युवकों के परिजन देर रात तक एमजीएम थाना में जुटे रहे.
ये युवक पकड़ाये
मोहन दास (बिरसानगर जोन नंबर 9), राहिल रावत (बिरसानगर), आयुष कुमार (बागबेड़ा हनुमान चौक के पास), रियान्सु उपाध्याय ( खड़ंगाझार बालाजी मंदिर के पास), छोटू पांडेय (बिरसानगर जोन नंबर-9,रोड नंबर-5), छोटू पांडेय का भाई अभिषेक पांडेय, अर्जुन सिंह (बिरसानगर संटे मार्केट), मनीष सिंह (बिरसानगर जोन नंबर-9 रोड नंबर-5), पीयूष सिंह (बिरसानगर जोन नंबर-11 रोड नंबर-5), राहुल सिंह (बिरसानगर इंडियन गैस गोदाम के पास), आदित्य राज (बिरसानगर जोन नंबर-9 रोड नंबर-18).डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
