जमशेदपुर: बर्मामाइंस के कैरेज कॉलोनी निवासी आफताब आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीना ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलसुम बीबी और मो. समद के रूप में हुई है। दोनों कैरेज कॉलोनी के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, कुलसुम बीबी शातिर अपराधी मो. शाहरुख की पत्नी है। दोनों हत्या की योजना में शामिल थे। वारदात से पहले रेकी में इस्तेमाल की गयी स्कूटी भी मो. समद के घर से बरामद की गयी है।
सिटी एसपी ने बताया कि 2 अगस्त की रात मोहम्मद भोंदू समेत छह युवक बाइक से घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, इन्हीं युवकों ने आफताब आलम पर गोलियां चलायी थीं। घटनास्थल से पुलिस ने 10 खोखे, एक गोली और एक मैगजीन बरामद की है।
मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। इसमें दो डीएसपी समेत कई थाना प्रभारियों को शामिल किया गया है। एसआईटी की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में कुल 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
