Jamshedpur news. विधायक सविता महतो ने 3.89 करोड़ दो सड़कोंं का किया शिलान्यास
सड़कें क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी : विधायक
Jamshedpur news.
ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने सोमवार को नीमडीह प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3.89 करोड़ रुपये की लागत वाली दो प्रमुख सड़कों का शिलान्यास किया. इस परियोजना के अंतर्गत पांच किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण होगा. इसमें भांगाट से राकाड़ तक 2.6 किमी लंबी सड़क 1.82 करोड़ रुपये में और पीडब्ल्यूडी पथ मांझाडीह मोड़ से माकुला तक 2.4 किमी लंबी सड़क 2.07 करोड़ रुपये की लागत से बनायी जायेगी.
मौके पर विधायक ने कहा कि ये सड़कें क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी. इससे ग्रामीणों को बरसात के मौसम में होने वाली आवागमन की समस्याओं से मुक्ति मिलेगी. इस अवसर पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय तिर्की, कनीय अभियंता संजय महतो, असीत सिंह पातर, काबलू महतो, सचिन गोप, फूलमनी हांसदा, वरुण सिंह, मृत्युंजय तंतुबाई, सुजीत महतो आदि उपस्थित थे.