टाटा संस के चेयरमैन को मिला माइकल जॉन गोल्ड मेडल
जमशेदपुर : चुनौतीपूर्ण माहौल में किसी भी कंपनी की सफलता के लिए सचेत रहना जरूरी है. इसमें पर्यावरण स्थिरता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्किल डेवलपमेंट, इको सिस्टम और जियो पॉलिटिक्स महत्वपूर्ण फैक्टर्स हैं. 21वीं सदी में हमें नया इको सिस्टम विकसित करना होगा. ये बातें टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने गुरुवार को जमशेदपुर में कहीं.
वह बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से आयोजित माइकल जॉन लेक्चर सह माइकल जॉन गोल्ड अवार्ड समाराेह में बोल रहे थे. इससे पूर्व व्यावसायिक नेतृत्व व उत्कृष्ट योगदान के लिए टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को प्रतिष्ठित 25वां माइकल जॉन गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन व टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने उन्हें यह सम्मान दिया. चेयरमैन ने कहा- यह सम्मान मिलना मेरे लिए गौरव की बात है. मुझसे पहले जेआरडी टाटा, डॉ एपीजे अब्दुल कलाम और डॉ जेजे ईरानी को यह अवार्ड मिल चुका है.
