कम आवाज व धुआं वाले पटाखों की मांग अधिक रही
सोमवार को भी शहर में छूटे खूब पटाखे
जमशेदपुर :इस बार की दीपावली में अन्य वर्ष की तुलना में शहर में कम पटाखे फोड़े गये. करीब पांच करोड़ रुपये का कारोबार हुआ. रविवार को दीपावली की शाम पटाखों की आवाज से शहर गूंजने लगा था. हालांकि इस बार कम आवाज वाले पटाखे ही ज्यादा बिके. दीपावली के मौके पर रेगुलर दुकानों के अलावा जुगसलाई, साकची, कदमा, बिष्टुपुर में अस्थायी पटाखा की दुकानें सजायी गयी थीं.
शाम तक पटाखों की दुकानों में भीड़ देखी गयी. सोमवार को भी पटाखा दुकानों में ग्राहकों की भीड़ दिखी.पटाखा व्यापारियों ने बताया कि दीपावली के एक दिन पूर्व तक बारिश होने के कारण पटाखा बाजार थोड़ा कमजोर रहा. जीएसटी के कारण भी पटाखों के दाम बढ़े हैं.
लोग हुए जागरूक : पटाखा दुकानदारों का भी मानना है कि लोग पहले की अपेक्षा ज्यादा जागरुक हो गये हैं. ग्राहकों ने कम साउंड और कम धुआं वाले पटाखे खरीदे. पहले पांच हजार रुपये तक के पटाखे खरीदने वाले इस बार दो से तीन हजार रुपये तक ही पटाखे खरीदे.
