हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से रविवार को पैराडाइज रिजॉर्ट में आदिवासी महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया. महोत्सव में आदिवासी लोक संस्कृति, कला, परंपरा, लोक नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर अरविंद कुमार, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव, एसडीओ आदित्य पांडेय और झामुमो नेता सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से किया.
आदिवासी संस्कृति और परंपरा की समृद्ध झलक
अतिथियों के पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर और पारंपरिक लोक नृत्य की प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संस्कृति और परंपरा की समृद्ध झलक देखने को मिली. लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया.
ये भी पढ़ें: खूंटी में विश्व आदिवासी दिवस पर छात्राओं ने बिखेरा संस्कृति का रंग, संरक्षण का लिया संकल्प
आदिवासी समाज के लोगों को किया गया सम्मानित
महोत्सव के दौरान खेल, कला और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आदिवासी समाज के लोगों को सम्मानित किया गया. जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि ऐसे आयोजन आदिवासी संस्कृति, कला और विरासत को संरक्षित करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग और जिलेवासी शामिल हुए.
ये भी पढ़ें: मंगरदाहा वन क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई, 750 टन कोयला जब्त
