हजारीबाग. शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हजारीबाग झील क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर सोमवार को उपायुक्त हेमंत सती ने स्थल निरीक्षण किया. उनके साथ नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता भी थे. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि झील क्षेत्र में आने वाले लोग सड़क किनारे और आसपास अवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करते हैं, जिससे खासकर शाम के समय जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को झील के समीप उपलब्ध खाली स्थान को विकसित कर पार्किंग जोन के रूप में उपयोग करने का निर्देश दिया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे. इसके अलावा झील के आसपास सड़क किनारे लगने वाली मछली दुकानों को भी चिह्नित कर निर्धारित फेंसिंग क्षेत्र के भीतर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि हजारीबाग झील शहर की पहचान है, इसलिए यहां स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम वातावरण सुनिश्चित करना जरूरी है. नगर निगम को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं.
हजारीबाग झील क्षेत्र में बनेगा पार्किंग जोन, सड़क से हटेंगी मछली दुकानें
उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण, दिये कई दिशा निर्देश
