हजारीबाग. शहर के अन्नदा स्कूल मैदान में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ा आयोजन होगा. आइपीएल की तर्ज पर ओमेगा कप हजारीबाग टी-10 प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 15 मई से 25 मई तक होगा. इसे लेकर शनिवार को हजारीबाग में प्रेस वार्ता हुई. आयोजक ने बताया कि इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग लेंगी. सभी टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी. फाइनल मुकाबला 25 मई को होगा. विजेता टीम को 1,50,000 की राशि, ट्रॉफी और मेडल, जबकि उपविजेता टीम को 75,000 की पुरस्कार राशि और मेडल दिया जायेगा. आयोजक सह ओमेगा ग्रुप के फाउंडर शादाब अंसारी ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाना, युवाओं की प्रतिभा को मंच देना, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट को भव्य रूप से आयोजित किया जायेगा. इसमें हजारीबाग की स्थानीय टीमों के साथ-साथ राजस्थान की हीलियस ग्रुप और अहमदाबाद की आरके सन पावर टीम भी हिस्सा लेंगी. उन्होंने बताया कि आयोजन कंपनी के सीएसआर फंड के तहत सामाजिक दायित्व निभाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों के लिए 5000 रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया है. पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट से हजारीबाग की पहचान मजबूत होगी. प्रेस वार्ता में झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता, अफरोज अख्तर, निजाम अंसारी, रेहान फजल, सामंत कुमार पांडेय, शमीम खान और ऋतुराज सहित कई लोग उपस्थित थे.
ओमेगा कप टी-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट 15 से
खेल से बढ़ेगी हजारीबाग की पहचान और युवाओं को मिलेगा मंच : बीपी मेहता
