पति सहित नौ पर दहेज हत्या का मामला दर्ज, एक गिरफ्तार

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, शव के साथ रोड जाम

कटकमसांडी. लुपूंग गांव में नवविवाहिता सरिता देवी की मौत के मामले में उसकी मां उर्मिला देवी (ग्राम माड़ीगड़ा) ने कटकमसांडी थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है. मामले में मृतका सरिता देवी के पति जितेंद्र कुमार राणा, ससुर कृष्णा राणा, सास बलिया देवी, ननद मनिका कुमारी, देवर उदय राणा के अलावा लक्ष्मी देवी व उसके पति पप्पू राणा (डुमर सरौनी, थाना मुफ्फसिल, हजारीबाग), संगीता देवी व उसके पति कैलाश राणा (महुआटांड़, गिद्धौर, चतरा) को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस ने इस मामले में एक नामजद आरोपी की गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी शिवम गुप्ता ने बताया कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जायेगा. इधर नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मृतका के परिजनों ने गुरुवार को बहिमर चौक के पास शव के साथ सड़क जाम किया. जिससे हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग घंटों जाम रहा. जाम की सूचना मिलते ही पेलावल अंचल के पुलिस इंस्पेक्टर शाहिद रजा, कटकमसांडी थाना प्रभारी शिवम गुप्ता, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. लोगों को समझा कर जाम हटाया. जाम समाप्त होने के बाद मृतका का अंतिम संस्कार शाम पांच बजे लुपूंग गांव स्थित श्मशान घाट में किया गया. मुखाग्नि मामा ससुर पबरा गांव निवासी सरयू राणा ने दी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >