केरेडारी: चंद्रगुप्त कोल परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित रैयतों ने बुधवार को चट्टी बारियातु के कुरकुटिया मैदान में बैठक कर अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवाज बुलंद की. बैठक की अध्यक्षता कौलेश्वर साव ने की, जबकि संचालन गुलदेव महतो ने किया. मुख्य अतिथि भाजपा झारखंड कार्यकारिणी सदस्य शिवलाल महतो और विशिष्ट अतिथि गोविंद माली मौजूद रहे.
बैठक में प्रभावित ग्रामीणों ने बारी-बारी से रोजगार, मुआवजा, विस्थापन नीति, गैरमजरूआ जमीन के सत्यापन, प्रदूषण, ब्लास्टिंग से मकानों को हो रहे नुकसान समेत अन्य समस्याएं रखीं. स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया.
मुख्य अतिथि शिवलाल महतो ने कहा कि कंपनी को मनमाने तरीके से काम करने के बजाय प्रभावित रैयतों और स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा.
7 सितंबर को कंपनी का घेराव
बैठक में विस्थापित भू-रैयतों ने चंद्रगुप्त कोल परियोजना की एमडीओ कंपनी सुशी इंफ्रा के खिलाफ 7 सितंबर 2026 को घेराव कार्यक्रम करने की घोषणा की. रैयतों ने कहा कि घेराव कार्यक्रम में परियोजना से प्रभावित सातों गांवों के विस्थापित रैयत और ग्रामीण शामिल होंगे.
ग्रामीणों ने कहा कि घेराव के दौरान रोजगार, मुआवजा, गैरमजरूआ जमीन के सत्यापन, विस्थापन नीति, प्रदूषण, ब्लास्टिंग से मकानों को नुकसान और स्थानीय युवाओं को रोजगार समेत सभी मुद्दों को कंपनी के समक्ष मजबूती से रखा जायेगा.
बैठक में कौलेश्वर साव, संतोष साव, छोटन सिंह, बैजनाथ महतो, अनिल माली, अर्जन लाल महतो, उपेंद्र कुमार, रामेश्वर यादव, लालो साव, खेमराज महतो समेत सैकड़ों विस्थापित रैयत और ग्रामीण मौजूद थे.
