अपर मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिये निर्देश

शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण

हजारीबाग. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली. अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट की प्रगति की समीक्षा की. नये भवन में चल रहे विभिन्न वार्डों तथा मेडिसिन, मनोचिकित्सा, स्किन एवं नेत्र विभाग में उपलब्ध उपकरणों की जांच की. सचिव ने अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन की व्यवस्था का निरीक्षण किया. उसकी कार्यशीलता ठीक करने के निर्देश दिये. उन्होंने सर्जरी वार्ड में इलाजरत महिला मरीज से बातचीत कर उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं एवं दवाओं की जानकारी ली. आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त की. वार्डों में चिकित्सकों की उपस्थिति एवं संख्या का जायजा लिया. मेडिकल सुपरिटेंडेंट को अस्पताल के सुदृढ़ीकरण, समुचित प्रकाश व्यवस्था, दरवाजों की मरम्मत एवं अन्य आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये. इस दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, डीडीसी रिया सिंह एवं सदर एसडीओ आदित्य पांडेय उपस्थित थे.

जांच मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की समीक्षा की. मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये, ताकि जांच कार्य में तेजी लायी जा सके. वहीं पुराने भवनों को चिह्नित कर हटाने का निर्देश दिया, ताकि परिसर में पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध हो सके. आइसीयू वार्ड में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने की बात कही.

मेडिकल कॉलेज के नये भवन का जायजा

सदर अस्पताल में निरीक्षण के बाद अपर मुख्य सचिव ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन मुख्य भवन की जानकारी ली. उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उपस्थित अभियंताओं से भवन के नक्शे की जानकारी ली. डॉक्टर क्वार्टर, महिला एवं पुरुष छात्रावास का भी निरीक्षण किया. कार्य एजेंसी को समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

पीजी सत्र समय पर पूरा करने पर जोर

अपर मुख्य सचिव ने परिसदन भवन में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इस बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं सदर अस्पताल निरीक्षण और अवलोकन के दौरान पायी गयी खामियों पर चर्चा की. सभी संबंधित पदाधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने तथा सभी सेवाओं को तीव्र गति से बेहतर करने के निर्देश दिये. मेडिकल कॉलेज में पीजी की पढ़ाई के सत्र को समय सीमा पर पूरा कराने और छात्रों के परिणाम में सुधार लाने पर जोर दिया. उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों (एचओडी) को निर्देश दिया कि अस्पताल के सभी वार्डों, ओपीडी, साफ-सफाई, नर्सिंग सेवा सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सुचारू और प्रभावी तरीके से किया जाो. उन्होंने आयुष्मान योजना एवं अबुआ स्वास्थ्य योजना की क्लेम राशि बढ़ाने पर बल दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >