दारू/टाटीझरिया. हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र के हरली काॅलेज मोड़ के समीप गुरुवार को बाइक व सवारी गाड़ी के बीच टक्कर हो गयी. इस हादसे में बाइक सवार टटगांवा, टाटीझरिया निवासी अरुण कुमार (पिता रामचंद्र महतो) की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी. जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बतायी जा रही है. उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार अरुण कुमार अपनी पत्नी को सेमेस्टर चार की परीक्षा दिलाने बाइक (जेएच02पीएच-8060) से हजारीबाग जा रहा था. इसी बीच दोपहर करीब दो बजे हरली काॅलेज मोड़ के समीप उसकी बाइक की एक सवारी गाड़ी (जेएच02एस-6919) के साथ टक्कर हो गयी. दुर्घटना में दोनों पति-पत्नी बेहोश हो गये. स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस आने में देरी होने पर राहगीरों की मदद से घायल दंपती को निजी वाहन से हजारीबाग ले जाया गया. जहां पति अरुण कुमार की मौत हो गयी. वहीं उसकी पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. दुर्घटना के बाद सवारी गाड़ी का ड्राइवर गाड़ी को खड़ा कर फरार हो गया. इधर, अरुण कुमार की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में मातम छा गया. अरुण चार बहनों में अकेला भाई था. उसकी शादी जुलाई 2025 में हजारीबाग के सरोनी में हुई थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
