पदमा: भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष परमेश्वर पांडे का 63 साल की उम्र में निधन हो गया. वे कुछ दिनों से बीमार थे और रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे. अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली.
परमेश्वर पांडे भाजपा से जुड़कर लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे. इसके अलावा वह शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान दे रहे थे. वह पदमा स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे. उन्होंने जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए कई बार आर्थिक मदद भी की थी.
उनके इस सक्रिय जीवन के थम जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी. पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने परमेश्वर पांडे के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय व्यक्ति बताया.
स्थानीय लोगों ने कहा कि परमेश्वर पांडे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध था. 'परमेश्वर जी हमेशा सबकी मदद को तैयार रहते थे. छोटा हो या बड़ा, हर कोई उनसे अपनी बात कह सकता था. उनके जाने से खालीपन आ गया है,' गांव के सरपंच रमेश कुमार ने बताया. उनके निधन से क्षेत्र ने एक सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षक को खो दिया है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: अब गांव-गांव पहुंचेगी मुफ्त जांच और दवा, SBI संजीवनी क्लिनिक के स्वास्थ्यकर्मियों की ट्रेनिंग पूरी
