अभ्यर्थी आज से कर सकेंगे नामांकन

हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर डीसी एवं एसपी ने तैयारी, तिथि एवं प्रशासनिक व्यवस्था की दी जानकारी

हजारीबाग. नगर निगम चुनाव की तैयारी, तिथियों एवं प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर डीसी शशि प्रकाश सिंह और एसपी अंजनी अंजन ने बुधवार को संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की. डीसी ने कहा कि चुनाव को लेकर प्रपत्र पांच प्रकाशित कर दिया गया है. वार्ड पार्षद और मेयर की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गयी है. निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है. यदि किसी भी स्तर पर इसका उल्लंघन होता है, तो वह निर्वाचन अपराध के रूप में मान्य एवं दंडनीय होगा. एक लाख 77 हजार 437 मतदाता 160 मतदान केंद्रों पर वोट करेंगे. डीसी ने कहा कि हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में 2011 जनगणना के लिए एक लाख 97 हजार 466 लोग रहते हैं. इसमें एक लाख 77 हजार 437 लोग मतदान कर सकेंगे. इसमें 90042 पुरुष, 87394 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता हैं.

चार फरवरी तक भरा जा सकेगा नामांकन पर्चा

डीसी ने कहा कि 29 जनवरी से चार फरवरी तक वार्ड पार्षद व मेयर के अभ्यर्थी दिन के 11.00 से 3.00 बजे तक नामांकन पर्चा भर सकेंगे. अवकाश के दिन नामांकन परचा नहीं भरा जायेगा. अभ्यर्थियों के नाम की स्क्रूटनी पांच फरवरी को 11.00 से 3.00 बजे के बीच की जायेगी. अभ्यर्थी छह फरवरी को 11.00 से 3.00 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे. अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न सात फरवरी को 11.00 से 3.00 बजे तक आवंटित किया जायेगा. 23 फरवरी को नगर निगम का चुनाव सुबह 7.00 से शाम 5.00 बजे तक होगा. मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8.00 बजे प्रारंभ होगी.

निर्वाची व सहायक निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त

डीसी ने कहा कि हजारीबाग नगर निगम के महापौर और 36 वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए निर्वाची व सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किये गये हैं. महापौर पद के उम्मीदवारों के निर्वाची पदाधिकारी संतोष सिंह (अपर समाहर्ता, हजारीबाग) व सहायक निर्वाची पदाधिकारी आशुतोष (अंचलाधिकारी, सदर) को बनाया गया है. ये अभ्यर्थियों का नामांकन समाहरणालय के दूसरे तल्ला के सी 201 कक्ष में लेंगे. वहीं वार्ड 1 से 6 के वार्ड पार्षद उम्मीदवारों का नामांकन समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर के कक्ष सी 03 में लिया जायेगा. इसके निर्वाची पदाधिकारी इचाक बीडीओ संतोष कुमार और सहायक निर्वाची विष्णुगढ़ बीइओ नागेश्वर सिंह होंगे. वार्ड 7 से 12 तक वार्ड पार्षद उम्मीदवार समाहरणालय के पहले तल्ला के कक्ष सी 108 में नामांकन परचा भरेंगे. इसके निर्वाची पदाधिकारी विष्णुगढ़ बीडीओ अखिलेश कुमार और सहायक निर्वाची पदाधिकारी बीइओ विजय राम होंगे. वार्ड 13 से 18 तक वार्ड पार्षद का नामांकन पर्चा समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर के ए 011 कक्ष में लिया जायेगा. इसके निर्वाची पदाधिकारी बड़कागांव बीडीओ जीतेंद्र कुमार मंडल और सहायक निर्वाची पदाधिकारी जिला नियोजन पदाधिकारी देव कुमार प्रसाद हैं. वार्ड 19 से 24 तक के वार्ड पार्षद उम्मीदवार का नामांकन पर्चा समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर के कक्ष सी 001 में भरा जायेगा. इसके निर्वाची पदाधिकारी कार्यपालक पदाधिकारी सुनीता कुमारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी प्रोवेशनल पदाधिकारी चंद्रशेखर होंगे. वार्ड 25 से 30 के वार्ड पार्षद उम्मीदवार नजारत चेंबर में नामांकन पर्चा भरेंगे. इसके निर्वाची पदाधिकारी बरकट्ठा बीडीओ रेशमा डुंगडुंग और सहायक निर्वाची पदाधिकारी बरकट्ठा कल्याण पदाधिकारी रोहित यादव होंगे. वार्ड से 31 से 36 तक के वार्ड पार्षद उम्मीदवार समाहरणालय के ग्राउंड फ्लोर के कक्ष सी 007 में नामांकन पर्चा भरेंगे. इसके निर्वाची पदाधिकारी चौपारण सीओ संजय कुमार यादव, सहायक निर्वाची पदाधिकारी टाटीझरिया बीइओ थियोफिल टुडू को बनाया गया है.

महापौर पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग एक के लिए आरक्षित

डीसी ने कहा कि हजारीबाग नगर निगम महापौर पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग एक के लिए आरक्षित किया गया है. नगर निगम वार्ड पार्षद पद में अत्यंत पिछड़ा वर्ग एक के लिए अन्य 10 और महिला के लिए पांच आरक्षित है. वार्ड पार्षद में पिछड़ा वर्ग दो में अन्य के लिए तीन और महिला के लिए एक आरक्षित है. अनुसूचित जाति अन्य के लिए चार और महिला के लिए दो सीट, अनुसूचित जनजाति अन्य के लिए एक सीट और सामान्य वर्ग के लिए 18 और सामान्य महिला के लिए नौ सीट आरक्षित है.

महापौर का पर्चा 5000 व वार्ड पार्षद का 1000 रुपये

डीसी ने कहा कि 28 जनवरी से चुनाव के निर्देश पर प्रपत्र सूत्र की राशि महापौर के लिए 5000 रुपये और वार्ड पार्षद के लिए 1000 रुपये है. अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एक व दो तथा महिला अभ्यर्थी के लिए निर्धारित दर से आधा दर पर नामांकन पर्चा उपलब्ध होगा. नामांकन पर्चा खरीदते समय प्रपत्र 24 तथा संतान के संबंध में स्व घोषणा पत्र उपलब्ध कराया जायेगा. उम्मीदवारों को नया बैंक खाता खुलवा कर खाता नंबर जमा करना आवश्यक है. राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा महापौर के लिए अधिकतम निर्वाचन व्यय 15 लाख और वार्ड पार्षद के लिए अधिकतम व्यय तीन लाख निर्धारित किया गया है.

सभी 160 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल प्रतिनियुक्त होंगे

एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में 160 मतदान केंद्र हैं. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. जिले में कुल 14 कोषांग संचालित हो रहे हैं. कोई भी अभ्यर्थी ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे, जिससे किसी धर्म, संप्रदाय और जाति के लोगों की भावना का ठेस पहुंचे. निर्वाचन के मद्देनजर जन शिकायत कोषांग संचालित है. जिसका हेल्प लाइन नंबर 06546-291843 व कंट्रोल रूम का नंबर 06546-291842 है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >