दुर्घटना में जीजा की मौत, साली घायल

चार घंटे सड़क जाम

केरेडारी. थाना क्षेत्र के पताल और बुचाडीह के बीच लुकैया मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान 35 वर्षीय परमेश्वर महतो (पिता राजनाथ महतो) ग्राम उलातु, थाना बुढ़मू, जिला रांची के रूप में हुई है. वहीं घायल 22 वर्षीय लीलावती कुमारी (पिता लालमोहन महतो) ग्राम किरीगढ़ा की रहने वाली हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल बचरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परमेश्वर महतो को मृत घोषित कर दिया. जबकि गंभीर रूप से घायल लीलावती कुमारी को रिम्स, रांची रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, परमेश्वर महतो अपनी साली लीलावती कुमारी को परीक्षा दिलाने के लिए भुरकुंडा लेकर जा रहे थे. इसी क्रम में लुकैया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने लगभग चार घंटे तक पतरातू–मैक्लुस्कीगंज मुख्य सड़क को जाम रखा. जाम की सूचना मिलने पर केरेडारी बीडीओ विवेक कुमार, सीओ राम रतन कुमार वर्णवाल ने मृतक के परिजनों से टेलीफोनिक वार्ता कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया, तब जाम हटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेजा गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >