हजारीबाग से जयनारायण की रिपोर्ट
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है. शुक्रवार को अज्ञात अपराधियों ने बैंक में घुसकर हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया और लॉकर खुलवाकर भारी मात्रा में सोना और नकदी लूटकर फरार हो गए.
सोना और लाखों की नकदी लेकर भागे लुटेरे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधी करीब 3 किलो सोना और लगभग 4 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. हालांकि कुछ सूत्रों के अनुसार लूटे गए सोने की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
चेहरा छिपाकर पहुंचे थे चारों अपराधी
बताया जा रहा है कि इस वारदात को चार अपराधियों ने अंजाम दिया. सभी अपराधियों ने अपने चेहरे छिपा रखे थे. किसी ने हेलमेट पहना था, तो किसी ने मास्क और गमछा बांध रखा था. उनके हाथों में देशी हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने बैंक कर्मचारियों को डराकर अपने कब्जे में ले लिया.
कर्मचारियों से मारपीट कर खुलवाया लॉकर
अपराधियों ने बैंक के अंदर घुसते ही कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें धमकाते हुए लॉकर खुलवाया. इसके बाद उन्होंने अंदर रखा सोना और कैश निकाल लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक को बाहर से बंद कर दिया और आराम से फरार हो गए.
नई एसपी को अपराधियों की खुली चुनौती
इस घटना को लेकर यह भी चर्चा है कि हाल ही में पदस्थापित एसपी अमन कुमार के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई है. दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों ने पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया.
अंदरूनी जानकारी की आशंका, जांच तेज
घटना के तरीके को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को बैंक की गतिविधियों की अंदरूनी जानकारी थी. जिस तरह से उन्होंने सीधे लॉकर तक पहुंच बनाई, उससे यह संदेह और गहरा हो गया है. पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
पुलिस मौके पर, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है.
क्या कहते हैं हजारीबाग के एसपी
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि बरही में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अपराधियों ने करीब 3 किलो सोना और 4 लाख रुपये नकदी की लूट की है. उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास के जिलों में नाकेबंदी करके छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें: कुड़ू में दर्दनाक सड़क हादसा, शराब लदी गाड़ी और स्कूटी में जोरदार टक्कर से मां-बेटे समेत तीन की मौत
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस बड़ी लूट की घटना के बाद बरही क्षेत्र में दहशत का माहौल है. लोग बैंक और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. प्रशासन पर अब जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दबाव बढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें: पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त से मिले गढ़वा के एसपी, विधि-व्यवस्था पर हुई चर्चा
