दारू. दारू क्षेत्र में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई चाकूबाजी में घायल छोटका इरगा निवासी गुलाब साव की पांच अप्रैल की रात इलाज के दौरान रांची में हुई मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. मंगलवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना के विरोध हजारीबाग-विष्णुगढ़ मार्ग को करीब साढ़े पांच घंटे तक जाम रखा. ग्रामीण पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी एवं उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने पर पहुंची प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों को समझाया. मृतक की पत्नी को डालसा द्वारा कानूनी लड़ाई में मदद, विधवा पेंशन, मृतक की पत्नी को शिक्षा या स्वास्थ्य विभाग में अस्थायी या स्थायी नौकरी व जमीन की बंदोबस्ती का आश्वासन दिया गया. इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. समझौता में सीओ रामबालक कुमार, बीडीओ हारून रसीद, थाना प्रभारी मो इकबाल हुसैन समेत कई लोग शामिल थे.
मामले के चारों आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. एक आरोपी को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किया था, जबकि पांच मार्च को तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था.
