हजारीबाग. सिविल सर्जन कार्यालय में एयर कूलर (एसी) की मरम्मत कर रहे मिस्त्री मो सलीम उर्फ गुड्डू (पिता मो मुस्लिम) की गिरने से मौत हो गयी. वह जामा मस्जिद रोड के खरसवां गली का रहने वाला था. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के मुहल्ले के लोग पहुंचे. शव के साथ शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का गेट जाम कर दिया. वे मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. इसकी सूचना मिलते ही सदर पुलिस पहुंची. जाम हटाने की अपील की. एसी की मरम्मत करनेवाले वेंडर द्वारा मृतक के परिजन को आर्थिक सहायता करने की घोषणा के बाद लोगों ने जाम हटाया.
भवन की पहली मंजिल पर कर रहा था काम
गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय भवन में लगे एसी की मरम्मत का कार्य चल रहा था. मो सलीम दोपहर करीब एक बजे कार्यालय की पहली मंजिल के एक कमरे में एसी की मरम्मत कर रहा था. इसी दौरान वह भवन की दीवार से सटी जमीन पर रखी ईंट पर गिर गया. जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आयी. वहां मौजूद लोग उसे तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर ले गये. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सिविल सर्जन अशोक कुमार ने कहा कि कार्यालय में लगे एसी की मरम्मत का जिम्मा एक वेंडर को दिया गया था. उसी वेंंडर के अंदर मृतक काम करता था. मृतक के परिजन की अपने स्तर से सहायता की जायेगी.सदर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष कुमार सिंह ने कहा कि मृतक के परिजनों ने अब तक इस घटना को लेकर आवेदन नहीं दिया है. आवेदन मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी.
