हजारीबाग : दुर्गापूजा व मुहर्रम पर्व के दौरान विधि व्यवस्था दुरूस्त करने को लेकर नगर भवन में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ डीसी रवि शंकर शुक्ला ने बैठक की. बैठक में उन्होंने कहा कि आठ से 11 अक्तूबर तक दुर्गापूजा एवं 12 अक्तूबर को मुहर्रम का पर्व मनाया जायेगा. विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी पूजा पंडालों, मुहर्रम अखाड़ा तथा जुलूस मार्ग पर बड़ी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
वहीं पदाधिकारियों को मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का निर्देश दिया है. डीसी ने कहा कि पूजा पंडाल व अखाड़ा में समितियों की ओर से वॉलेंटियर की व्यवस्था की जायेगी. सरकारी स्तर पर जनसेवक, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, राजस्व कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के तृतीय वर्ग के कर्मियों को भी वॉलेंटियर के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है.
पूजा पंडालों तथा अखाड़ों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों समेत महिला पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्त की गयी है. सभी कर्मी अपने-अपने स्थल पर उपस्थित रहेंगे. पंडालों में आनेवाले श्रद्धालुओं पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे व सुरक्षा के लिए अग्निशमन की व्यवस्था होगी. उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया जायेगा.
दुर्गापूजा जुलूस मार्ग में यदि कोई मसजिद या मजार अवस्थित हो और मुहर्रम जुलूस मार्ग में कोई मंदिर या पूजा स्थल अवस्थित हो, तो इसकी सुरक्षा के लिए जुलूस के पूर्व ही बैरिकेडिंग की जायेगी. बैठक में एसपी भीम सेन टुटी सहित जिले के सभी प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
