हजारीबाग : शहर में अतिक्रमण करनेवालों व गंदगी फैलानेवालों पर प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जायेगी. चिह्नित व्यक्ति पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जायेगा, वहीं धारा 133 के तहत कार्रवाई की जायेगी. उक्त बातें जानकारी नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी कुमुद झा ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता में दी है.
उन्होंने कहा है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत अब तक 21 लोगों को आर्थिक जुर्माना के लिए चिह्नित किया गया है. अब तक नौ लोगों से 88 हजार रुपया जुर्माना वसूला गया है. शेष 13 लोगों ने अब तक जुर्माना की राशि जमा नहीं की है. जिन लोगों पर कार्रवाई की गयी है, उनमें नवाबगंज रोड के चार चिकित्सक भी शामिल हैं. निर्धारित समय तक जुर्माना नहीं देने पर इन लोगों पर धारा-133 के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी. इन्होंने बताया कि शहर में कई लोग बड़ी-बड़ी दुकान व मॉल बना कर व्यवसाय कर रहे हैं. नक्शा में स्वीकृत पार्किंगवाले स्थान पर भी दुकान बना कर किराये पर लगा दिया गया है. ऐसे लोगों को चिह्नित कर नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है.
युद्धस्तर पर चल रहा है अभियान: कार्यपालक ने कहा कि सफाई अभियान व अतिक्रमण हटाओ अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है. सभी दुकानदारों को अपनी दुकान के सामने डस्टबीन रखने का निर्देश दिया है. डस्टबीन में न रख कर सड़क पर कचरा फेंकनेवाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जायेगी. सभी वार्डों में सफाई कार्य वार्ड पार्षद की निगरानी में होगा. शहर में भवन निर्माण सामग्री सड़क पर रखनेवाले व्यक्ति पर जुर्माना के साथ कानूनी कार्रवाई होगी.
उन्होंने कहा कि शहर में बननेवाले भवन की जानकारी तहसीलदारों को देने का निर्देश दिया है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नींव की खुदाई करनेवाले लाभुकों को राशि जल्द भुगतान किया जायेगा. वहीं दुर्गापूजा को लेकर पूजा पंडाल के सामने डस्टीबीन रखने, थूकने की व्यवस्था करने, पॉलीथीन व विसर्जन को लेकर स्वच्छ रखनेवाले को पुरस्कृत किया जायेगा.
