मैट्रिक व इंटर की परीक्षा. एसडीओ ने की अफसरों के साथ तैयारियों की समीक्षा
परीक्षा 16 फरवरी से, बरही अनुमंडल में 27 परीक्षा केंद्र बनाये गये
बरही : 16 फरवरी से शुरू हो रही मैट्रिक व इंटर की परीक्षा को लेकर बरही एसडीओ मो शब्बीर अहमद ने पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों समेत बीइइओ व शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ सोमवार को अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक की़ बैठक में उन्होंने परीक्षा संचालन के सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया़
इस दौरान परीक्षा केंद्र के भवन की स्थिति, बेंच डेस्क, वीक्षकों की आवश्यकता प्रश्नपत्र, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था व विधि व्यवस्था की उन्होंने जानकारी ली. शिक्षण संस्थाओं की प्रतिनिधियों ने बेंच डेस्क व वीक्षक की आवश्यकता से एसडीओ को अवगत कराया़ एसडीओ ने सभी तरह की कमी को दूर करने का सुझाव दिया. वहीं आवश्यक संख्या के अनुसार वीक्षक नियुक्त करने की बात कही़ नियुक्त किए जानेवाले वीक्षकों की सूची अनुमंडल कार्यालय में देने का निर्देश दिया़ मैट्रिक व इंटर की परीक्षा के लिए अनुमंडल कार्यालय में कंट्रोल रूम बनेगा़ डीसीएलआर प्रभात कुमार को इसका इंचार्ज बनाया गया है. कार्यपालक दंडाधिकारी बेद्वंती को नोडल अफसर बनाया गया है़
बरही स्ट्रांग रूम में सीइओ संजय कुमार, चौपारण स्ट्रांग रूम का बीइओ महेंद्र प्रसाद, पद्मा स्ट्रांग रूम का इंचार्ज बीसीओ सुदर्शन सिंह व बरकट्ठा स्ट्रांग रूम की जिम्मेदारी अनुपम लकड़ा को दी गयी है. बैठक में कहा गया कि कदाचार मुक्त परीक्षा के संचालन के लिए सभी उपाय किए जायेंगे. परीक्षा केंद्र के बाहर अभिभावकों की भीड़ नहीं लगने दी जायेगी़
बीडीओ सीओ व बीइओ को अपने प्रखंड में कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने की जवाबदेही दी गयी है़ डीएसपी सुनील कुमार रजवार बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपूजन सिंह, पद्मा ओपी प्रभारी सलाउद्दीन खान सहित सभी पुलिस अधिकारीयों ने परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती व गस्ती पुलिस दल की व्यवस्था की बात कही.
मैट्रिक के 19 व इंटर के आठ
परीक्षा केंद्र बनाये गये
मैट्रिक परीक्षा के लिए बरही प्रखंड में सात, पद्मा में दो, बरकागांव में पांच व चौपारण में पांच केंद्र बनाये गये हैं. इंटर परीक्षा के लिए बरही में तीन बरकागांव में दो व चौपारण में तीन परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं.
बैठक में डीएसपी सुनील कुमार रजवार, डीसीएलआर प्रभात कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी बेद्वंती, बरही बीडीओ विवेक कुमार मेहता, चौपारण सीओ साधूचरण देवगम, पद्मा बीडीओ मलय कुमार, बरकागांव बीडीओ जयप्रकाश नारायण, सीओ बरकागांव मनोज तिवारी, बरही थाना प्रभारी रामपूजन सिंह, प्लस टू उच्च विद्यालय से हरेराम पांडेय, भामाशाह के अरुण कुमार चौधरी, इंटर कालेज चौपारण के एसके सहाय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक व शिक्षा पदाधिकारी गण उपस्थित थ़े
कारण बताओ नोटिस
बैठक में अनुपस्थित रहनेवाले प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी व परीक्षा केंद्र वाले शिक्षण संस्थानों के प्रमुख व अनुपस्थित अन्य अधिकारियों के विरुद्ध एसडीओ ने कारण बताओ नोटिस निर्गत करने का आदेश दिया़
