बैंक की नयी शाखा खुलने से लोगों को होगा लाभ: मंत्री
हजारीबाग : शहर के मुनगा बगीचा चौक स्थित रामलखन कांप्लेक्स में एचडीएफसी बैंक की तीसरी शाखा बुधवार को खुली. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री सह हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा ने इसका उदघाटन किया.
मौके पर उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बैंक शाखा खुलने से लोगों को काफी लाभ मिलेगा. मंत्री ने कहा कि वित्तीय सुविधाएं हजारीबाग व रामगढ़ जिले को उपलब्ध हो गयी है. चुनाव के समय सरकार द्वारा की गयी घोषणाओं पर अमल किया जा रहा है. मुहल्लों व टोलों में माइक्रो एटीएम होंगे. कहा कि सरकार हर रेलवे स्टेशन व पोस्टऑफिस में एटीएम की सुविधा करने जा रही है.
विधवा, वृद्धा पेंशन व नरेगा भुगतान बैंक खाता से आसानी से करेंगे. दलाली, बिचौलियागिरी को सरकार समाप्त करेगी. मौके पर बैंक के सर्किल हेड सुधाकर विश्वास, सुधीर दास के अलावा जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप, सुनील सिन्हा, विनय प्रसाद, आशीष सोनी, विकास सिन्हा, अनिल मिश्रा, दीपक कुमार, कृष्णा कुमार सिन्हा, विवेकानंद सिंह, संगीत सोनल, रंजन विश्वकर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे.
जिले में एचडीएफसी की चौथी शाखा: मुनगा बगीचा शाखा शहर की तीसरी व जिले की चौथी शाखा हैं. तीन शाखा हजारीबाग शहर में और एक बरही में है. एचडीएफसी ग्रामीण क्षेत्रों में भी शाखा खोलने की योजना बना रही है. विष्णुगढ़ व बड़कागांव प्रखंड को प्राथमिकता में रखा गया है.
