हजारीबाग : जिले के टाटीझरिया प्रखंड का घुघुलिया गांव देश में हिंदू-मुसलिम कौमी एकता का प्रतीक बन कर उभरेगा. यहां के हिंदू और मुसलिम मिल कर 25 फरवरी को सिद्धि विनायक मंदिर का शिलान्यास करेंगे.
एक ओर जहां देश व समाज में सौहार्द्र एवं सदभावना को बिगाड़ने का प्रयास हो रहा है, वहीं घुघुलिया के हिंदूू-मुसलिम शांति, एकता, प्रेम एवं भाइचारे की ताकत पैदा करने में जुटे हैं. एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए झारखंड में एक नया इतिहास रचने का काम दोनों समुदाय करने जा रहे हैं.
ऐसा प्रयास देश के अन्य हिस्से में देखने को बहुत कम मिलता है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर घुघुलिया पहुंचे : टाटीझरिया के अति पिछड़े गांव घुघुलिया में हिंदू-मुसलिम द्वारा किये जानेवाले विकास कार्य एवं धार्मिक सौहार्द्र से आकर्षित होकर दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर दीपक मिश्र मंगलवार को घुघुलिया पहुंचे. उनके साथ समाजसेवी सुधांशु सुमन भी थे.
वे घुघुलिया के हिंदू- मुसलिम समुदायों के लोगों से मिल कर उनकी एकता एवं प्रेम को देख कर काफी प्रभावित हुए. इनका ग्राम स्तर पर ढोल,नगाड़े एवं गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया. मुसलिम भाईयों ने पगड़ी पहना कर तिलक लगाया.
यह उनके लिये बड़ी बात थी. गांव का पूरा माहौल बदल गया. एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का ऐसा सम्मान मानो वह पहली बार देख रहे थे. उन्होंने गांव के मंदिर एवं मजार पर जाकर मत्था टेका. लोगों में काफी उत्साह था.
घुघुलिया में उर्दू स्कूल की जरूरत : जिला परिषद एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने घुघुलिया गांव में उर्दू स्कूल की जरूरत को बताते हुए इसकी मांग की. इस मौके पर जिप सदस्य यशोदा देवी, दारू जिप सदस्य उमा देवी, डहरभंगा मुखिया मथुरा साव, झरपो मुखिया गिरजा देवी, बलदेव प्रसाद, सतीशनाथ सहाय, मो कयूम मियां, मो फरीद, अमित जलान, रोहित कुमार, अमर सिन्हा, रज्जाक अंसारी, मो साकिर, सुभान अंसारी, लियाकत मियां,मोती मियां,जीतन मियां,सोहर साव, प्रबील साव,नरेश साव,नागो राम,भिखारी यादव,दीपन यादव,महादेव महतो,रामचंद्र गुप्ता, गिरिजा साव,धीरज सिन्हा,कटन भुइयां समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन मिथिलेश कुमार सिन्हा ने किया.
घुघुलिया गांव का होगा विकास
घुघुलिया गांव की किस्मत विकास के अक्षरों से लिखी जायेगी. इसका शुभ दिन 25 फरवरी है. इस दिन सिद्धि विनायक मंदिर का शिलान्यास रखा जायेगा. जिसे दोनों समुदाय के लोग मिल कर बनाने का काम करेंगे.
दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर दीपक मिश्र ने बताया कि मंदिर की आधारशिला के दिन गांव में देश के जानेमाने प्रशासनिक अधिकारी, फिल्मी व टीवी कलाकार, उद्योगपति मौजूद रहेंगे . मैं आज सबों से मिल कर काफी खुश हूं. सुधांशु सुमन ने कहा कि दीपक मिश्र का घुघुलिया आना इसके विकास में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि इस गांव का विकास करना ही हमारा लक्ष्य है.
