विश्व वेटलैंड दिवस पर कार्यशाला
हजारीबाग : विनोबा भावे विश्वविद्यालय में विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन पीजी वनस्पति शास्त्र विभाग में मंगलवार को किया गया. अध्यक्षता विभावि कुलपति प्रो गुरदीप सिंह ने की. मुख्यवक्ता उत्तर प्रदेश सरकार के एपीसीसीएफ डॉ उमाशंकर सिंह ने कहा कि व्यापार में होनेवाले प्रतिस्पर्धा के कारण जलवायु परिवर्तन की समस्या और भी गंभीर होते जा रही है.
इन्होंने जलवायु परिवर्तन से संबंधित पहलू एवं होनेवाली समस्याओं को विस्तार से बताया. इन्होंने विभावि में पर्यावरण के क्षेत्र में किये जानेवाले कार्यों की प्रशंसा की. परिसर में पौधरोपण को लेकर वन विभाग द्वारा सहायता देने का आश्वासन दिया. इन्होंने बाद में बोटनिकल गार्डेन का निरीक्षण किया. इसे विभावि की उपलब्धि बताया.
कुलपति प्रो गुरदीप सिंह ने विभावि में चल रहे विभिन्न कार्यकलापों की जानकारी दी. पर्यावरण संरक्षण के दिशा में सक्रियता एवं भागीदारी निभाने का आह्वान किया. पर्यावरण को संतुलित करने के लिए सभी व्यक्तियों को आगे आने के लिए कहा. प्रतिकुलपति प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा ने कहा कि वेटलैंड सबसे अधिक उत्पादकता वाला इको सिस्टम है.
इसे सुरक्षित रखना अपने भविष्य को सुरक्षित रखना है. कार्यशाला में वेटलैंड की महत्ता, स्थिति एवं सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई. कार्यक्रम में वनस्पति शास्त्र विभाग के द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के ग्रीन ऑडिट रिपोर्ट एवं कार्बन फुट प्रिंट रिपोर्ट का विमोचन हुआ. अंत में डॉ ईएन सिद्दीकी ने कार्यशाला का सार प्रस्तुत किया. स्वागत भाषण डॉ अनवर मल्लिक, विषय प्रवेश डॉ पीके मिश्र ने किया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों की अहम भूमिका थी.
बीएड संबंधन का आवेदन पांच तक : विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने बीएड संबंधन के आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि निर्धारित कर दिया है. सभी संबद्ध बीएड कॉलेज सत्र 2016-18 का संबंधन आवेदन पांच फरवरी तक विभावि में जमा होगा. आवेदन वैसे बीएड कॉलेज करेंगे जिन्हें सत्र 2015-17 के लिए बीएड का संबंधन मिला है. विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने अधिसूचना में कहा है कि पांच फरवरी के बाद संबंधन के लिए आवेदन स्वीकृत नहीं किये जायेंगे.
अवकाश तालिका में संशोधन : विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अवकाश तालिका में संशोधन किया गया है. 21 मार्च से 26 मार्च के अवकाश को बढ़ा कर 21 मार्च से 29 मार्च कर दिया गया है. 30 सितंबर के अवकाश को बढ़ा कर 30 सितंबर एवं एक अक्तूबर कर दिया गया है. सात अक्तूबर से सात नवंबर तक के अवकाश को संशोधित कर पांच अक्तूबर से आठ नवंबर तक किया गया है. इस संबंध में विभावि ने अधिसूचना जारी कर दी है.
चांसलर ट्रॉफी नौ से : विनोबा भावे विश्वविद्यालय में चांसलर ट्रॉफी का आयोजन नौ से 14 फरवरी तक होगा. विभावि क्रिकेट और बैडमिंटन की प्रतियोगिता करायेगा. इसमें झारखंड के सभी विश्वविद्यालय की टीमें भाग लेगी. डीएसडब्ल्यू डॉ राजेश कुमार ने बताया कि आयोजन को लेकर 11 समितियां बनायी गयी है. क्रिकेट प्रतियोगिता विभावि परिसर में नौ से 14 फरवरी तक चलेगा. बैटमिंटन की प्रतियोगिता 12 से 14 फरवरी तक हजारीबाग स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा. 14 फरवरी को चांसलर ट्रॉफी का समापन होगा.
एलुमिनी मीट सात को : विनोबा भावे विश्वविद्यालय का एलुमिनी मीट सात फरवरी को होगा. डीएसडब्ल्यू डॉ राजेश कुमार ने बताया कि एलुमिनी मीट में सभी विभागों के एलुमिनाई शामिल होंगे.
डॉ चौधरी विभागाध्यक्ष बने : विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने डॉ आरकेएस चौधरी को पीजी फिलॉस्फी विभाग का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है. पूर्व अध्यक्ष डॉ प्रकाश कुमार के सेवानिवृत्त होने से यह पद खाली था. डॉ चौधरी फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे.
