हजारीबाग : बुधवार को पलामू में भाकपा माओवादी द्वारा किये गये विस्फोट में हजारीबाग का जवान संटू रजक (पिता स्व महावीर रजक) शहीद हो गया. मृत जवान हजारीबाग शहर के इंद्रपुरी चौक के पास का रहनेवाला था. मौत की खबर गुरुवार को परिजनों को दी गयी. जिसे सुन कर परिजनों का बुरा हाल है. पत्नी सुनीता ने बताया कि उसके पति संटू रजक की बहाली 1999 में सिपाही में हुई थी. 2011 से पलामू के छतरपुर थाना में कार्यरत थे.
पांच जनवरी को परिवार के लोगों से मिलने हजारीबाग आये थे. संटू रजक को तीन बेटी सुजाता,पुष्पा और रीना और एक पुत्र शनि रजक है. बूढ़ी मां भी है. पत्नी ने बताया कि पति तो देश के लिए शहीद हो गये. अब हमारे और बच्चों का परवरिश कैसे होगा. शव को लाने के लिए हजारीबाग से परिजन रांची रवाना हुए हैं.
