हजारीबाग : नगर भवन में बुधवार को हजारीबाग मास्टर प्लानिंग को लेकर स्टॉक होल्डर की बैठक हुई. बैठक में परामर्शी मार्श प्लानिंग रांची के प्रतिनिधि बीएन सिन्हा ने पूरे मास्टर प्लान का ब्योरा प्रस्तुत किया.
इसमें पूरे हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के लिए योजना बनायी गयी है. मौके पर प्रतिनिधि बीएन सिन्हा ने बताया कि औद्योगिक, व्यवसायिक, आवासीय, वन, शिक्षा, खेल मैदान, सिवरेज सिस्टम समेत अन्य क्षेत्र अलग-अलग चिह्नित होंगे. पूरी प्लानिंग बनने के बाद जनता का विचार लिया जायेगा. वहीं विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि परामर्शी संस्था मास्टर प्लान की पूरी जानकारी वेबसाइड में जारी करें. साथ ही चौक-चौराहों पर प्रदर्शित कर जनता को विश्वास में लेकर भावी योजना बनायें. अध्यक्ष अंजली कुमारी ने कहा कि हजारीबाग नगर निगम बन गया है.
अब यहां महानगरों की तर्ज पर सभी सुविधाएं शहर में मुहैया हों. ऐसा प्लान बनें. उपाध्यक्ष आनंद देव ने कहा कि सड़क व चौक-चौराहों की चौड़ाई और अन्य क्षेत्रों का भी पैमाना तय हो. बैठक में शहर के गणमान्य लोग ने भी मास्टर प्लान पर अपने-अपने विचार रखें.
