हजारीबाग : विनोबा भावे विश्वविद्यालय में सातवें दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन एवं जिला प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है. समारोह नौ जनवरी को विभावि परिसर के विनोदिनी पार्क में होगा. कुलपति प्रो गुरदीप सिंह ने बताया कि उपाधि धारकों की संख्या को देखते हुए हैंगर पंडाल को बढ़ाया गया है. पंडाल के अंदर एलइडी स्क्रीन की व्यवस्था की गयी है. इन्होंने बताया कि समारोह को लेकर एकेडमिक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. गाउन, मेडल, डिग्री के सभी कामों को पूरा कर लिया गया है.
5300 लोगों को मिलेगा उपाधि : विभावि के सातवें दीक्षांत समारोह में 5300 विद्यार्थियों को उपाधि मिलेगी.
इसमें 73 लोगों को गोल्ड मेडल दिया जायेगा. जिसमें 70 गोल्ड मेडल स्नातकोत्तर के हैं और तीन गोल्ड मेडल स्नातक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवालों को दिया जायेगा. कुलपति ने बताया कि मुख्य अतिथि राष्ट्रपति डॉ प्रणव मुखर्जी अपने हाथों 22 लोगों को उपाधि देंगे. जिसमें 12 गोल्ड मेडल एवं 10 डिग्री शामिल होगा.
प्रशासन की बैठक : विभावि के सातवें दीक्षांत समारोह को लेकर विभावि प्रशासन, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक उपायुक्त सभागार में हुई. जिला प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, फायर विभाग समेत अन्य विभागों के प्रभारी भी शामिल हुए.
सभी विभागों को उपायुक्त ने विभावि को सहयोग करने के लिए कहा है.
प्रवेश के लिए पास जरूरी : दीक्षांत समारोह में प्रवेश के लिए पास जरूरी होगा. कुलसचिव डॉ एसके सिन्हा ने बताया कि विभावि प्रशासन एवं जिला प्रशासन संयुक्त रूप से समारोह में प्रवेश के लिए पास जारी करेगा. सुरक्षा की दृष्टि से पास नहीं रहने पर प्रवेश नहीं करने दिया जायेगा. पार्किंग की भी व्यवस्था विभावि परिसर से बाहर होगी. पार्किंग के लिए आइटीआइ, कृषि बाजार को चिह्नित किया गया है. समारोह स्थल तक मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के वाहन का ही प्रवेश होगा. विभावि पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों का वाहन विवेकानंद सभागार के बाहर लगेगा. प्रवेश के लिए चार तरह के पास बनेंगे. प्रत्येक व्यक्ति के पास पास होना जरूरी है.
रात तक चलेगा दीक्षांत समारोह : विभावि में नौ जनवरी को सातवें दीक्षांत समारोह का उदघाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रपति डॉ प्रणव मुखर्जी करेंगे. उदघाटन तीन बजे होगा. राष्ट्रपति चार बजे समारोह से प्रस्थान कर जायेंगे.
इसी समय राष्ट्रपति 22 गोल्ड मेडल देंगे. दीक्षांत समारोह में 5300 लोगों को उपाधि देना है. कुलपति प्रो गुरदीप सिंह ने बताया कि सभी को उपाधि दी जायेगी. कार्यक्रम देर रात तक चलेगा. इसे लेकर सारी तैयारियां की जा रही है.
