हजारीबाग : संत जेवियर्स स्कूल में 63वां वार्षिक खेलकूद का खिताब लोयला हाउस ने जीता. रनर जेवियर हाउस और तृतीय गुंजागा और चौथा स्थान ब्रिटो हाउस को मिला. वार्षिक खेलकूद समारोह का विधिवत उदघाटन स्कूल के 1965 बैच के सुजीत घोष, निर्वाण नियोगी, 1975 बैच के गीतेश शर्मा (प्रधान सचिव विदेश मंत्रलय), प्राचार्य फादर पीजे जेम्स, दिलीप देवस्थली (न्यूयार्क) ने किया. मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य व गीत से देश भर से आये अतिथियों का स्वागत किया.
पूर्व प्राचार्य, शिक्षक एवं स्कूल के विद्यार्थी आयोजन में उपस्थित होकर भाव-विभोर हुए. विद्यालय के प्रथम प्राचार्य जॉन मूर की स्मृति पर घोषित ह्यूमेन एक्सीलेंस पुरस्कार श्वेतांशु राज को दिया गया. उभरते खिलाड़ी का पुरस्कार यश राज को मिला.
मुख्य अतिथि सुजीत घोष, गीतेश शर्मा और देवस्थली ने विद्यालय से जुड़े विद्यार्थी जीवन की यादों को सार्वजनिक पटल पर साझा किया. कहा, संत जेवियर्स स्कूल की प्रगति को देख कर मैं काफी खुश हूं.
प्राचार्य पीजे जेम्स के कार्यकाल में विद्यालय की उपलब्धियां काबिले तारीफ है. विद्यालय ने हर क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान कायम की है. उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में कार्य करने का मौका मिला है. लेकिन मेरा देश भारत महान है. आप सभी विद्यार्थी हर हाल में अनुशासन को सबसे अधिक महत्व दें. इसी से आप पढ़ाई, खेलकूद और हर क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे.
प्राचार्य पीजे जेम्स ने कहा कि 1965, 1975 और 1990 बैच के सभी पूर्ववर्ती छात्र देश व विदेश के विभिन्न संस्थानों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं. वार्षिक समारोह में भाग लेने के लिए संत जेवियर्स स्कूल हजारीबाग आये हुए हैं.
पूर्ववर्ती छात्रों के अनुभव से वर्तमान छात्रों को प्रेरणा मिलेगी. खेलकूद और पढ़ाई-लिखाई के क्षेत्र में विद्यार्थी नाम रोशन कर रहे हैं. इस मौके पर बिशप आनंद जोजो, फादर विल डॉयर, फादर जॉर्ज चिटडी, सिस्टर कलारिटा, सीआरपीएफ कमांडेंट मुन्ना सिंह समेत काफी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे. वार्षिक खेलकूद समारोह में विद्यार्थियों का मार्च पास्ट, ड्रील और खेल प्रतियोगिता काफी सराहनीय था.
