हजारीबाग : पुलिस चतुर्थवर्गीय रसोइया पद के 600 अभ्यर्थी जांच व प्रायोगिक परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा सुबह 7.30 बजे से 3.30 बजे तक चली. अभ्यर्थियों को छह तरह के सामान्य व्यंजन व दो तरह के विशेष व्यंजन बनाने का प्रश्न-पत्र दिया गया. छह प्रकार के व्यंजन बनाने के लिए 80 मिनट दिया गया. विशेष प्रकार के व्यंजन के लिए 40 मिनट का समय निर्धारित था.
कुल 100 अंक की परीक्षा हुई. परीक्षा की समयावधि दो घंटे 15 मिनट दिया गया था. सभी अभ्यर्थी घर से ईंधन व खाना पकाने की सामग्री लेकर हजारीबाग स्टेडियम परीक्षा केंद्र पहुंचे. परीक्षा को सफल बनाने में बोर्ड मेंबर एसपी अखिलेश कुमार झा समेत 150 पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे.
आज से जलवाहक पद की परीक्षा : इसमें कुल 1800 अभ्यर्थी शामिल होंगे. मेजर अजय पांडेय ने बताया कि जलवाहक पद के लिए तीन दिन तक परीक्षा ली जायेगी. अभ्यर्थी बाल्टी व पानी ढोने वाले सामान घर से लेकर परीक्षा केंद्र में आयेंगे. परीक्षा केंद्र में पानी दिया जायेगा. अभ्यर्थी बाल्टी में पानी भर कर चलेंगे.
