हजारीबाग : व्यवहार न्यायालय परिसर में 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत सुबह 10 बजे से लगेगी. इसमें अधिक से अधिक सुलहनीय मुकदमों का निष्पादन किया जायेगा. यह जानकारी प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश विष्णुकांत सहाय ने दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत विधिक सेवा प्राधिकार नयी दिल्ली के निर्देश पर लगायी जा रही है. अधिक से अधिक वादों का निबटारा हो इसके लिये पक्षकारों के बीच नोटिस जारी कर दिया गया है. निबटारा के लिए 23 बेंच बनाया गया है. प्रत्येक बेंच में न्यायिक पदाधिकारी के साथ अधिवक्ताओं की सेवा भी ली जायेगी.
कई वादों का निष्पादन होगा : मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति,वैवाहिक एवं कुटुंब न्यायालय से संबंधित, श्रम कानून से जुड़े मुकदमें, वन विभाग,उत्पाद विभाग,माप-तौल, विद्युत चोरी,कैंटोमेंट,यातायात संबंधी,आयकर,वाणिज्य कर, आपदा मुआवजा,रेलवे क्लेम समेत अन्य वाद शामिल हैं.
