22 को बनाया नामजद आरोपी

प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों ने किया आंदोलन कई पंचायत प्रतिनिधियों पर भी हुआ है मामला दर्ज इन लोगों पर फैक्ट्री का उत्पादन कार्य बाधित करने, धमकी देने सहित कई आरोप हैं गिद्दी (हजारीबाग) : प्रदूषण को लेकर आंदोलन करने वाले चुंबा के 22 लोगों के खिलाफ फैक्ट्री प्रबंधन ने गिद्दी थाना में मामला दर्ज किया […]

प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों ने किया आंदोलन

कई पंचायत प्रतिनिधियों पर भी हुआ है मामला दर्ज
इन लोगों पर फैक्ट्री का उत्पादन कार्य बाधित करने, धमकी देने सहित कई आरोप हैं
गिद्दी (हजारीबाग) : प्रदूषण को लेकर आंदोलन करने वाले चुंबा के 22 लोगों के खिलाफ फैक्ट्री प्रबंधन ने गिद्दी थाना में मामला दर्ज किया है. इसमें बड़काचुंबा व मंझलाचुंबा की शांति देवी, पुष्पा देवी, किरण देवी, मनीष महतो, गणेश महतो, सावित्री देवी, लखन महतो, संदीप कुशवाहा, राथो महतो, भूकतेश्वर महतो, गणेश, वासुदेव महतो, बालगोविंद महतो, सुरेंद्र बैठा, द्रोपदी देवी, बबलू साव, फुलचंद महतो, विनोद महतो, जोघी महतो, लक्ष्मण महतो, शशिभूषण, उषा देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है. इन लोगों पर फैक्ट्री का उत्पादन कार्य बाधित करने, धमकी देने सहित कई आरोप हैं. फैक्ट्री के रामचंद्र पांडेय ने प्राथमिकी दर्ज करायी है.
इसमें कहा गया है कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर आैर निजी स्वार्थ की खातिर उक्त लोगों ने दो जून को अनंदिता स्पंज फैक्ट्री का गेट जाम कर दिया था. उनलोगों के इस कदम से उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ा है. इससे फैक्ट्री को आर्थिक नुकसान पहुंचा है. प्राथमिकी में कहा गया है कि ग्रामीण लोग फैक्ट्री के कर्मचारियों को अंदर आने-जाने में बाधा पहुंचा रहे थे और गाड़ी में तोड़फोड़ करने व जान मारने की धमकी दे रहे थे. ग्रामीणों के दबाव के कारण ही तीन चिमनी का उत्पादन कार्य बाधित किया गया. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उक्त ग्रामीण आये दिन लाखों रुपये अनुचित ढंग से मांग करते हैं. नहीं देने पर वे लोग फैक्ट्री के अंदर आने-जाने वाले ट्रक से 50 से 100 रुपये तक रंगदारी वसूलते हैं. मना करने पर धमकी देते हैं. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि ग्रामीण कभी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं.
झूठे मुकदमे से ग्रामीण डरने वाले नहीं है : पूर्व मुखिया
दर्ज प्राथमिकी में जिन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, उनमें पुष्पा देवी पंचायत समिति सदस्य और किरण देवी पूर्व मुखिया व उषा देवी पूर्व पंसस हैं. पूर्व मुखिया किरण देवी ने कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन ने ग्रामीण आंदोलनकारियों के खिलाफ जो मुकदमा दर्ज कराया है, वह झूठा है. ग्रामीण इससे डरने वाले नहीं हैं. पूर्व मुखिया किरण देवी ने कहा कि जनता के हितों के लिए हमलोगों ने संवैधानिक ढंग से आंदोलन किया था. फैक्ट्री प्रबंधन ने धमकी व रंगदारी वसूलने सहित अन्य आरोप लगाया है, वह बेबुनियाद है.
ग्रामीणों के खिलाफ प्रबंधन ने दूसरी बार कराया मामला दर्ज
अनंदिता स्पंज फैक्ट्री से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पिछले 13-14 वर्षों के अंदर कई बार आंदोलन हुआ है. एक बार आंदोलन उग्र भी हुआ था. उस दौरान गिद्दी पुलिस व फैक्ट्री प्रबंधन ने वर्ष 2005-06 में बड़काचुंबा के कई ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. कुछ लोग जेल भी गये थे. लोकसभा व विधानसभा में प्रदूषण को लेकर कई बार आवाज उठी है. प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदूषण बोर्ड को शिकायत पत्र भेज कर प्रदूषण की स्थिति से अवगत कराया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >