गिद्दी (हजारीबाग):डाड़ी प्रखंड में सैकड़ों इंदिरा आवास का निर्माण कार्य वर्षों से लंबित है. कई लाभुक पहली व दूसरी किस्त के पैसे भी ले लिये हैं, लेकिन उनलोगों ने कोई काम नहीं किया है. लाभुकों को नोटिस दिया जा रहा है. इंदिरा आवास में कई तरह की अनियमितता बरती गयी है. कुछ लोगों ने पैसे के बल पर दूसरे लाभुक के बीपीएल नंबर पर इंदिरा आवास ले लिया है. आलम यह है कि रबोध पंचायत के पूर्व मुखिया की पत्नी भी वर्षों पहले इंदिरा आवास ले चुकी हैं. उनका भी कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है.
जांच होगी, तो कई तरह की अनियमितता पकड़ में आ सकती है. जानकारी के अनुसार, डाड़ी प्रखंड में वर्ष 2011 से लेकर 2015 तक लगभग 900 इंदिरा आवास लाभुकों को निर्माण के लिए आवंटित किये गये थे. लाभुकों को इंदिरा आवास का निर्माण 48 और 75 हजार रुपये में करना था. प्रक्रिया के तहत लाभुकों को पहली किस्त की राशि दी गयी. लगभग 300 लाभुकों ने किसी तरह इंदिरा आवास का निर्माण कार्य पूरा किया, लेकिन 600 इंदिरा आवास का निर्माण कार्य लंबित रह गया. राज्य सरकार के दबाव पर इस कार्य में पिछले वर्ष से गति लायी गयी. नतीजतन अब 300 से अधिक इंदिरा आवास का निर्माण कार्य लंबित रह गया है. लाभुकों को छत की ढलाई करनी थी, लेकिन एस्बेस्टस सीट डाल कर जैसे-तैसे इसका कार्य पूरा किया जा रहा है.
रबोध पंचायत सहित कुछ अन्य पंचायतों में सरस्वती देवी सहित कई लाभुक पहली किस्त की राशि ले चुकी है, लेकिन अभी तक इसका कार्य शुरू नहीं किया गया है. दूसरी व तीसरी किस्त की भी राशि लेने के बाद कार्य अधूरा है. डाड़ी बीडीओ प्रमोद कुमार दास ने कहा कि इंदिरा आवास का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए लाभुकों पर दबाव डाला जा रहा है. जांच में जो भी दोषी पाये जायेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
