हजारीबाग. हजारीबाग गृह रक्षा वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र में 355 प्रशिक्षु गृहरक्षकों का पारण परेड रविवार को हुआ. डीसी हेमंत सती व होमगार्ड के जिला समादेष्टा रोहित आनंद ने परेड का निरीक्षण किया. सलामी ली. डीसी ने प्रशिक्षुओं को शपथ दिलायी. कहा, जिन बातों की शपथ ली है, उसका अनुपालन करें. वर्दी धारियों का मूल सिद्धांत अनुशासन है. ड्यूटी के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखें. कमांडेंट रोहित आनंद ने कहा कि गिरिडीह जिला से आये 355 गृहरक्षकों को 63 दिन का प्रशिक्षण दिया गया. इस दौरान प्रशिक्षुओं को विधि व्यवस्था बनाये रखने व शस्त्र परिचालन की जानकारी दी गयी. उन्होंने कहा कि 63 दिनों के प्रशिक्षण में सभी गृहरक्षकों ने दक्षता प्राप्त किया की है, जो इन्हें कर्तव्य निर्वहन में सहायक सिद्ध होगा. प्रशिक्षुओं के पारण परेड का नेतृत्व दो कमांडर अक्षय कुमार सिंह व मनीष पांडेय ने किया. 355 गृहरक्षक प्रशिक्षुओं को आठ प्लाटून में बांटकर पारण परेड कराया गया. पहले प्लाटून के कमांडर धर्मचंद बास्के, दूसरे प्लाटून के सतीश कुमार, तीसरे प्लाटून के रोहित कुमार, चौथे प्लाटून के शंकर रजक, पांचवें प्लाटून के रामप्रवेश मरांडी, छठे प्लाटून के रामकृष्ण महतो, सातवें प्लाटून के जावेद अंसारी एवं आठवें प्लाटून के आदिल नवाज कमांडर थे. मौके पर ओम प्रकाश गुप्ता, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय एवं कई प्रशिक्षु डीएसपी, होमगार्ड के सभी इंस्पेक्टर समेत पदाधिकारी उपस्थित थे.
गिरिडीह के 355 गृहरक्षकों का पारण परेड
डीसी ने दिलायी शपथ
