दशहरा व मुहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिले के सभी थाना में 16 सितंबर को शांति समिति की बैठक करने, 15 सितंबर से सरकारी सामग्रियों का क्रय जेम से करने व ऑनलाईन ट्रांजेक्शन बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया. डीसी ने कहा कि ऑनलाइन के तहत गलत पेमेंट के लिए संबंधित पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे.
उन्होंने जिले के सभी पंचायत भवन कार्यालय को सक्रिय करने के लिए पंचायत कर्मियों को प्रत्येक दिन नियमित रूप से कार्य का निष्पादन करने की बात कही. एसी विपत्र के विरुद्ध लंबित डीसी विपत्र का समायोजन अविलंब करने का निर्देश दिया. डीसी ने जिला से प्रखंड स्तर के सभी कार्यालय प्रधानों को प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे से दो बजे तक समय निर्धारित कर जनता की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि एनएससीपी के तहत 797 पेंशनधारियों का खाता आधार से लिंक करायें. 16 से 30 सितंबर तक जिले में पर्यटन स्वच्छता पखवारा मनाया जायेगा. इसके लिए उन्होंने सभी पर्यटक स्थल व शौचालय की साफ-सफाई करने का निर्देश दिया. डीसी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों का निर्माण समय पर करने की बात कही. उन्होंने सभी बीडीओ को कार्य योजना तैयार करने, पंचायतों के मुखिया, लाभुक व भेंडरों के साथ बैठक कर कार्य निष्पादन करने तथा सभी आवासों को एक साथ पूरा करने की बात कही. बैठक में डीडीसी जिशान कमर, डीआरडीए निदेशक अनिल कुमार, एसडीओ नंदकिशोर लाल व मुमताज अली अहमद, सभी बीडीओ, सीओ, कार्यपालक अभियंता, जिला अभियंता समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
