हजारीबाग : मुसलिम धर्मावलंबियों ने एक माह रमजान का रोजा एहतराम से रखा. रविवार की शाम चांद नजर आते ही सभी लोगों ने एक दूसरे को ईद की बधाई दी और ईद मुबारकबाद कहा. इसके बाद चांद रात में अचानक बाजार में एकाएक रौनक बढ़ गयी. लोगों की भीड़ बाजार में उमड़ पड़ी.
सेवई लच्छा, टोपी, इत्र समेत पकवान की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंचे. देर रात तक कपड़े, जूते-चप्पल व पायजामा-कुर्ता की दुकानों में भीड़ उमड़ी रही. बच्चे, जवान, बुजुर्ग समेत महिलाएं अपने-अपने जरूरत के सामान लेने में व्यस्त रहे. मालवीय मार्ग में ईद बाजार की चहल-पहल सुबह तक थी. वहीं जामा मसजिद रोड में भी हर लोग अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी कर रहे थे. सभी घरों में ईद की मिठास को बढ़ाने के लिए सेवइयां व अन्य पकवान बनाने की तैयारी पूरी कर ली गयी. 26 जून को ईद की नमाज सभी मसजिदों में लोग अदा करेंगे. जामा मसजिद में अंजुमन की ओर से ईद मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया.
जेल में ईद मनाने की तैयारी
हजारीबाग जेपी केंद्रीय कारा में बंदियों ने ईद पर्व भाईचारगी और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने का निर्णय लिया. लगभग 150 बंदियों ने रमजान के दिन रोजा रखा. जेल में उनके लिए अलग से खाने की व्यवस्था की गयी थी. जेल अधीक्षक रूपम प्रसाद ने कहा कि जेल में ईद के दौरान बंदियों के लिए सेवई बनायी जायेगी. इसमें बंदी और जेल प्रशासन के अधिकारी व कर्मी भी शामिल होंगे.
