गुमला. ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) द्वारा संचालित प्रशिक्षण शिविर के तहत 31 महिला कृषकों को उन्नत तकनीकों एवं उन्नत खाद-बीज के माध्यम से खेती करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. प्रशिक्षण के दौरान महिला कृषकों को शहर के विभिन्न खाद-बीज दुकानों का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें उन्नत बीज, खाद एवं उनके सही उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गयी. इस निमित्त प्रशिक्षणार्थी महिला कृषकों को धरती धन प्रतिष्ठान में उन्नत किस्म के बीज से होने वाली अधिक पैदावार, फसल की देख-रेख, जैविक खाद के उपयोग तथा टिकाऊ खेती की तकनीकों से अवगत कराया गया. आरसेटी के निपुण गुप्ता व प्रशिक्षक स्नेहली हेंब्रम ने बताया कि 31 महिलाओं के इस समूह को कुल 13 दिनों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि आरसेटी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें. मौके पर धरती धन के संचालक सुजीत कुमार समेत अन्य मौजूद थे.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।